• शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगो को जागरूक करें जनसेवा मित्र- मुख्यमंत्री श्री चौहान
• शासन की योजनाओं का लाभ लोगो तक पहुंचानें में भूमिका निभाए जनसेवा मित्र- मुख्यमंत्री श्री चौहान
• मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनसेवा मित्रों से किया संवाद
• युवाओं ने मुख्यमंत्री से साझा किए फील्ड के अनुभव
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय महाविद्यालय आष्टा में मुख्यमंत्री युवा इन्टर्नशिप प्रोग्राम के युवाओं (जनसेवा मित्र) से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से फील्ड पर कार्य करने के अनुभव जाने। युवाओं ने फील्ड पर जाकर मिलने वाले अपने अनुभव को मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ साझा किया और ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में योजनाओं के संचालन संबंधी जानकारी मुख्यमंत्री श्री चौहान को दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लोगो तक पहुंचाना भी एक सेवा है। उन्होंने युवाओं से शासन की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आमजन को होने वाली समस्याओं को शासन प्रशासन तक पहुंचाने में भी जनसेवा मित्र महती भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि सभी जनसेवा मित्र गांव-गांव में लोगो तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोगी बने। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, लाडली बहना योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को प्रेरित करें। ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। कार्यक्रम में सुश्री आभा दुबे ने जनसेवा मित्रों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक श्री रघुनाथ सिंह मालवीय, विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

